Wednesday, February 4, 2026
Homeछत्तीसगढ़जगदलपुरदलपत सागर में 14 जनवरी को होने वाले दीपोत्सव को लेकर तैयारियां...

दलपत सागर में 14 जनवरी को होने वाले दीपोत्सव को लेकर तैयारियां तेज, चलाया गया वृहद स्वच्छता अभियान

जगदलपुर: शहर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर दलपत सागर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार सुबह स्वच्छता अभियान के अंतर्गत व्यापक श्रमदान किया गया। इस दौरान आगामी 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम की रूपरेखा भी तैयार की गई।

गौरतलब है कि प्रतिवर्ष दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन एवं नगर निगम जगदलपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया जाता है। इस वर्ष भी दीपोत्सव का भव्य आयोजन 14 जनवरी मकर संक्रांति के दिन दलपत सागर में किया जाएगा। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शहरवासियों के सहयोग से यह आयोजन बड़े स्तर पर संपन्न होगा।

दीपोत्सव कार्यक्रम को स्वच्छ और भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से शनिवार को दलपत सागर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में शहर के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और श्रमदान कर दलपत सागर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प लिया।

रानीघाट से आईलैंड गेट तक चला सफाई अभियान

स्वच्छता अभियान की शुरुआत दलपत सागर के रानीघाट से की गई। नगर निगम के अमले के साथ इस अभियान में विभिन्न समाजों एवं संगठनों के लोग भी शामिल हुए। महापौर संजय पांडे, कलेक्टर हरिस एस, पार्षदगण, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर एवं शहर के नागरिकों ने स्वयं श्रमदान कर अभियान में सहभागिता निभाई।

लगभग दो घंटे से अधिक समय तक चले इस अभियान में रानीघाट से लेकर आईलैंड के मुख्य द्वार तक दलपत सागर के चारों ओर व्यापक साफ-सफाई की गई।

इस अवसर पर महापौर संजय पांडे ने कहा कि दलपत सागर केवल एक जलस्रोत नहीं, बल्कि जगदलपुर की पहचान और गौरव है। इसे स्वच्छ और संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर निगम लगातार सफाई अभियान चला रहा है, लेकिन जनभागीदारी के बिना यह अभियान सफल नहीं हो सकता। दीपोत्सव जैसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपरा और एकता के प्रतीक हैं। इस बार भी दीपोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए प्रशासन एवं नागरिक मिलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और दलपत सागर को प्रदूषण मुक्त बनाए रखने में सहयोग करें।

इस स्वच्छता अभियान में महापौर संजय पांडे, नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्यगण, बस्तर कलेक्टर हरिस एस, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, पार्षदगण, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर, दलपत सागर बचाओ अभियान के सदस्य, पतंजलि परिवार के सदस्य, व्यापारीगण, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, डीआरजी के जवान, पत्रकार साथी, नगर निगम के कर्मचारी सहित जगदलपुर शहर के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सभी ने एकजुट होकर इस पुनीत अभियान में सहभागिता निभाते हुए दलपत सागर को स्वच्छ, सुंदर और संरक्षित रखने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
Advertisement Carousel