जगदलपुर

छत्तीसगढ़ बीजेपी में बड़ा उलटफेर,विनायक गोयल होंगे अगले मुख्यमंत्री, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की कमान संतोष बाफना को 

कवासी लखमा ने कांग्रेस से तोड़ा नाता,बीजेपी में हुए शामिल बनाए गए आबकारी मंत्री

जगदलपुर । बीजेपी सरकार के विगत वो वर्षों के कार्यकाल से नाखुश विधायक अजय चंद्राकर की अनुशंसा पर बीजेपी शीर्ष नेतृत्व ने सनसनीखेज निर्णय लेते हुए, मुख्यमंत्री सहित पूरे मंत्रिमंडल को बर्खास्त कर दिया है। नए मंत्री मंडल की भी घोषणा कर दी है। 

बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने बस्तर जिले को विशेष महत्व देते हुए चित्रकोट विधायक विनायक गोयल को कार्यकारी मुख्यमंत्री बना दिया है। हालांकि इस निर्णय की जानकारी अभी तक विनायक गोयल को नहीं हुई है।वहीं जगदलपुर विधायक किरण देव को प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाकर कला और संस्कृति मंत्री के साथ प्रदेश का उपमुख्यमंत्री और रायपुर जिले का प्रभारी मंत्री बना दिया गया ।जैसे ही विधायक किरण देव को इसकी जानकारी मिली उन्होंने सिरहा सार चौक में संगीत संध्या का आयोजन कर जमकर अपनी गायन कला का प्रदर्शन किया ।

मंत्रिमंडल में कवासी लखमा के नाम ने सबको चौंकाया है , बीजेपी नेताओं पर तरजीह देते हुए , देर रात ही कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए कवासी लखमा को दोबारा आबकारी मंत्री बना दिया गया है।इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा ने धोखा किया है , बीजेपी में शामिल होने का न्यौता उन्हें देकर कवासी लखमा को मंत्री बना दिया गया है।

वहीं पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि बीजेपी पहले वोट चोरी करती थी अब कांग्रेस के नेताओं की चोरी शुरू कर दी है । वह इसके विरोध में लोहंडीगुडा से 10 जनपथ तक पद यात्रा निकालेंगे। और उन्हें निर्विरोध चित्रकूट विधायक नहीं बनाया गया तो वह प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे देंगे।

इधर बीजेपी ने बड़ा उलटफेर करते हुए पूर्व विधायक संतोष बाफना को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। 

पार्टी में इतनी ज्यादा उलटफेर देखने के बाद और पंकज और लक्ष्मण को मंत्री न बनाए जाने से आहत होकर महापौर संजय पांडे ने अपने पद से त्याग पत्र दे दिया है । उन्होंने कहा कि अब वह कबाड़ से जुगाड़ योजना के तहत नए नए उपकरण निर्माण कर निगम को बाहर से समर्थन देंगे। संजय पांडे ने कहा कि “मेरे दो अनमोल रतन, उनके आगे खेल खत्म”। 

वहीं संगठन ने नए महापौर के लिए पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेश गुप्ता का नाम वाला पत्र प्रशासन को भेजा था लेकिन राजस्व सभापति संग्राम सिंह ने दोबारा गलती से उस पत्र पर स्याही गिरा दिया जिससे सुरेश गुप्ता का पत्ता यहां भी कट गया । चूंकि सुरेश गुप्ता को नल कनेक्शन काटने के मामले में गोली मारने की धमकी भी दी गई थी इसलिए पार्टी ने उनके प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए रोशन झा को दोबारा सुरेश गुप्ता के जिला बोर्डगार्ड अध्यक्ष बना दिया है अब सोशल मीडिया में वह सारी सुरक्षा व्यवस्था देखेंगे।

जिसके बाद महापौर संजय पांडे पांडे द्वारा भेजे गए दो नामों में से किसी एक को ये पद मिलना तय हो गया है।सारे घटनाक्रम पर नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन ने कहा कि जैसा संजय पांडे का आदेश होगा वह उसी के अनुरूप कार्य करेंगे।

वहीं इस फेरबदल में राकेश तिवारी को बीजेपी जिला कोप भवन प्रभारी बनाया गया है , जहां वो बीजेपी कार्यकर्ताओं को नाराज़ होने के 101 तरीके सिखाएंगे ।

इस सारे घटनाक्रम पर बीजेपी जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे ने कहा कि अभी रूपसिंह मंडावी जी बाहर हैं , उनके आने बाद वह उनसे पूछ कर इस पर प्रतिक्रिया देंगे।इस विषय पर आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष पारेख ने केंद्रीय नेतृत्व को पत्र लिखकर धन्यवाद ज्ञापित किया है।

हमारे संवाददाता ने जब इस विषय में बस्तर सांसद महेश कश्यप से बातचीत की तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 60 सालों से बस्तर को कालापानी का सजा बना रखा था , सड़क,बिजली , पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल रही थी ।

जवाब सुनने के बाद हमारा संवाददाता मेडिकल कॉलेज के ICU में भर्ती है , अभी तक उसको रेफर करने की खबर नहीं आई है।

नोट :- होली के दिन नशा न करें ,वरना ऐसे ऊटपटांग विचार आते हैं ,वैसे आप सब मिलकर लेखक के लिए पद्मश्री की मांग कर सकते हैं , लेखक बिल्कुल बुरा नहीं मानेगा।

होली की हार्दिक शुभकामनाएं 💐 💐

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button