दंतेवाड़ा

77वें गणतंत्र दिवस पर ‘इको-टूरिज्म’ झांकी के साथ वन विभाग प्रथम

स्कूल शिक्षा विभाग को द्वितीय एवं कृषि-उद्यानिकी विभाग को मिला तृतीय स्थान

सीसीएफ आलोक तिवारी के निर्देशानुसार डीएफओ रंगानाधा राधाकृष्णा वाय के मार्गदर्शन में तैयार हुई विजेता झांकी

दंतेवाड़ा, 26 जनवरी 2026। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल खेल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक एवं विषयगत झांकियों का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर वन विभाग द्वारा ‘इको-टूरिज्म’ थीम पर प्रस्तुत झांकी को प्रथम स्थान प्रदान किया गया।

वन संरक्षण और आजीविका का सशक्त संदेश बनी ‘इको-टूरिज्म’ झांकी

वन विभाग की झांकी में जिले की समृद्ध जैव विविधता, वन संरक्षण, स्थानीय जनजातीय समुदायों की सहभागिता तथा इको-टूरिज्म के माध्यम से आजीविका संवर्धन को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। झांकी ने यह संदेश दिया कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए भी स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं सतत विकास संभव है।

सीसीएफ के निर्देश और डीएफओ के नेतृत्व में मैदानी अमले का सराहनीय समन्वय

उक्त झांकी का निर्माण मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) श्री आलोक तिवारी के निर्देशानुसार, वन मंडलाधिकारी दंतेवाड़ा श्री रंगानाधा राधाकृष्णा वाय के मार्गदर्शन में, एसडीओ दंतेवाड़ा श्रीमती द्रोपदी ठाकुर एवं एसडीओ गीदम श्री वी.एन. नाग, संबंधित रेंजरों तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के सहयोग से किया गया। विभागीय समन्वय, सटीक थीम चयन एवं प्रस्तुति के कारण झांकी को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।

अन्य विभागों की झांकियों को भी मिला सम्मान

झांकी प्रतियोगिता में स्कूल शिक्षा विभाग की झांकी को द्वितीय स्थान, जबकि कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की झांकी को तृतीय स्थान प्रदान किया गया। सभी विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया।

मार्च पास्ट में 111वीं वाहिनी सीआरपीएफ रही अव्वल

गणतंत्र दिवस समारोह में आयोजित मार्च पास्ट प्रतियोगिता में 111वीं वाहिनी सीआरपीएफ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं पुरुष जिला बल दंतेवाड़ा को द्वितीय तथा महिला जिला बल को तृतीय स्थान मिला। शस्त्र रहित मार्च पास्ट में एनसीसी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दंतेवाड़ा को प्रथम एवं स्काउट हायर सेकेण्डरी स्कूल को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button