डीएफओ दंतेवाड़ा के मार्गदर्शन में जिलेभर में विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित हुए विभिन्न कार्यक्रम, किया गया पौधारोपण
वृक्ष हमारे जीवन का आधार - नाग

दंतेवाड़ा । विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर दंतेवाड़ा जिले के विभिन्न वन परिक्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को लेकर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान व्यापक स्तर पर पौधारोपण कर हरित वातावरण बनाने का संदेश दिया गया। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “Beat Plastic Pollution” (प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करें) रखी गई है, जिसके माध्यम से पर्यावरण को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संदेश दिया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 05 जून 2026 को वन परिक्षेत्र गीदम अंतर्गत एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जावंगा में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में उप वनमंडल अधिकारी (SDO) श्री वी. एन. नाग, रेंजर गीदम श्री शिव टंडन, एकलव्य विद्यालय जावंगा के प्राचार्य श्री अतुल सिंह पटेल, उप वन क्षेत्रपाल श्री के. राजू, एसबीआई ब्रांच मैनेजर सहित वन विभाग के समस्त सहायक परिक्षेत्र अधिकारी, बीट फॉरेस्ट ऑफिसर एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एसडीओ श्री नाग ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आज से ही प्रकृति संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। पूरे कार्यक्रम में उत्साह एवं जनभागीदारी देखने को मिली।








