बीजापुर

ग्राम गोल्लागुड़ा में नवनिर्मित दुर्गा मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह भव्य रूप से संपन्न

मुर्गेश शेट्टी,भोपालपटनम । बीजापुर जिले के भोपालपटनम ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत गोल्लागुड़ा में नवनिर्मित मां दुर्गा मंदिर में तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। इस भव्य धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।

कार्यक्रम के दौरान मंडपाच्छादन, कलश यात्रा एवं विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा जैसे प्रमुख धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। भीषण गर्मी (40 से 42 डिग्री सेल्सियस) के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं देखी गई।

इंद्रावती नदी से पवित्र जल लाकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाओं की विशेष सहभागिता रही। लगभग 4 किलोमीटर दूर से जल लाकर श्रद्धालुओं ने जयकारों के बीच मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसी पवित्र जल से मां दुर्गा का अभिषेक एवं प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते मंदिर परिसर छोटा पड़ गया। व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा भारी वाहनों का डायवर्जन किया गया, जिससे कार्यक्रम निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सका। भोपालपटनम ब्लॉक के लगभग सभी पंचायतों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए।

धार्मिक अनुष्ठान पंडित श्रीधर शर्मा, सुरेश बाबू, महिंदर शर्मा, आदित्य शर्मा, गणेश शर्मा एवं रोहित शर्मा द्वारा विधिपूर्वक संपन्न कराया गया।

तीन दिनों तक चले इस आयोजन के दौरान गांव में मेले जैसा वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं के लिए लगातार तीन दिनों तक भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर मां दुर्गा के साथ-साथ नवग्रह देवताओं की भी स्थापना की गई। आयोजन समिति ने कार्यक्रम में शामिल सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

अब भोपालपटनम क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को पांच प्रमुख मंदिरों के दर्शन का लाभ मिलेगा, जिनमें भगवान शिव मंदिर, हनुमान मंदिर, बालाजी स्वामी मंदिर, मां दुर्गा मंदिर तथा निर्माणाधीन मां बम्लेश्वरी मंदिर शामिल हैं।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का भी संदेश देकर गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button