जगदलपुर

प्रदेश में बदहाल विद्युत व्यवस्था पर बीजेपी कांग्रेस आमने सामने, बढ़े हुए बिजली बिल के दावे को बीजेपी ने किया खारिज, तो कांग्रेस बोली जनता के साथ खड़े हों विधायक

प्रदेश में बदहाल विद्युत व्यवस्था को लेकर पूर्व विधायक रेखचंद जैन की प्रतिक्रिया,कहा सरकार डाल रही जनता के जेब में डाका

उपभोक्ताओं को ₹3237 करोड़ की सब्सिडी प्रदान कर कांग्रेस सरकार ने दी थी राहत – रेखचंद जैन

जगदलपुर। प्रदेश में विद्युत व्यवस्था और बिजली बिल की वर्तमान स्थिति और इसकी वजह से लोगों में फैले असंतोष को लेकर प्रदेश सरकार बचाव की मुद्रा में है। विगत 6 महीने में सरकार ने घरेलू विद्युत की दरों लगातार वृद्धि की है,और कांग्रेस शासन के दौरान 400 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना को बन्द कर 200 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना लागू की है ।जिसका असर लोगों के जेबों पर पड़ता दिखाई दे रहा। पहले जहां आम लोगों के बिजली बिल का औसत ₹ 800 -1000 थी वहीं विगत 3 महीनों से उनका बिजली बिल लगभग तिगुना बढ़कर 3000 तक हो गया है ।उस दयनीय और स्तरहीन विद्युत व्यवस्था ने प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति को गुस्से में भर दिया है। लोगों का कहना है कि विद्युत विभाग 24×7 मेंटेनेंस के नाम पर अलग अलग फीडर में विद्युत सप्लाई बंद रखता है और हल्की हवा और बारिश से विद्युत विभाग की पोल खुल जाती है। लोगों का मानना है कि इस लचर विद्युत व्यवस्था के पीछे लोगों को सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना की ओर धकेलना है। गांव और शहर में जगह जगह इसके लिए स्टाॅल लगाया जा रहा है।विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली से नाराज कई लोगों ने इस योजना के तहत अपने घरों में सौर ऊर्जा का प्लांट स्थापित भी कर लिया है। लेकिन 3 किलो वाट तक सौर ऊर्जा वाले प्लांट में बिजली गुल होने के साथ ही विद्युत सप्लाई भी बंद हो जाती है इसलिए इसका कोई विशेष फायदा भी नहीं है । सरकार केवल इस योजना को किसी भी तरह से सफल करना चाहती है।

वहीं विगत दिनों बीजेपी कार्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और विधायक किरण देव ने बढ़े हुए बिजली बिल की बात को सिरे से खारिज करते हुए कहा था कि,बिजली बिल में कोई इजाफा नहीं हुआ है और उनके घर का बिजली बिल लगभग ₹333 आने का दावा किया था।

वहीं गुरुवार को पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने प्रदेश में बेतहाशा बढ़ते बिजली दरों को लेकर , भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान द्वारा मात्र 2 पैसे प्रति यूनिट बिजली दरों में वृद्धि की गई थी, जबकि 400 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को ₹3237 करोड़ की सब्सिडी प्रदान कर बड़ी राहत दी थी। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है तब से आए दिन ये सरकार बिजली के दरों में वृद्धि किए जा रही है।

पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि अभी हाल ही में बीजेपी सरकार ने घरेलू बिजली में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोत्तरी की है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार उद्योगपतियों के 15 लाख करोड़ के कर्ज माफ कर सकती है,लेकिन यहां जनता के जेब में डाका डाल रही है।

पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने स्मार्ट मीटर के अडानी कम्पनी के होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मीटर की वजह से पहले आम लोगों के घर में जहां ₹800 का बिल आता है अब वह तिगुना आ रहा है। उन्होंने कहा कि लेकिन जनता की इस परेशानी को सत्ता में बैठे लोगों को इसकी चिंता नहीं है।

उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि यह लोग अहंकार में मदमस्त इन्हें जनता की बिलकुल फिकर नहीं है।

पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और विधायक किरण देव को नसीहत देते हुए कहा कि वह इस बात को सदन में उठाएं और कहें कि इससे जनता में अच्छा प्रभाव नहीं पड़ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button