केवल 7 से 8 किसान ही बेच पा रहे हैं धान, छोटे किसान निराश
जगदलपुर। बड़े मारेंगा सहित जिले के अन्य धान खरीदी केंद्रों में धीमी गति से और सीमित खरीदी व्यवस्था से किसान निराश और गुस्से में हैं ।
गुरुवार सुबह बड़े मारेंगा धान खरीदी केंद्र में नाराज किसानों ने जमकर हंगामा मचाया।अचानक हुए इस विरोध से तीनों धान खरीदी केंद्र में खरीदी का कार्य आंशिक रूप से बाधित हो गया। किसानों का कहना है कि प्रतिदिन खरीदी की सीमा केवल 800 क्विंटल तय कर दी गई है, जिसके कारण बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने के लिए लंबे समय तक प्रतीक्षा करने को मजबूर हैं। निर्धारित लिमिट के कारण टोकन भी उसी अनुपात में जारी किए जा रहे हैं, जिससे किसानों की बेचैनी और बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि 800 क्विंटल की सीमा बेहद कम है इससे एक दिन में केवल 5 से 7 किसान ही धान बेच पा रहे हैं जबकि सैकड़ों किसानों को रोज निराश लौटना पड़ रहा है ।
बड़े मारेंगा के किसानों ने माग की है कि धान खरीदी की दैनिक सीमा को बढ़ाया जाए ताकि किसानों की तेजी से आवक को संभाला जा सके और खरीदी प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
बड़े मारेंगा के किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही धान खरीदी की सीमा नहीं बढ़ाई गई तो किसान बड़े मारेंगा धान खरीदी केंद्र में ताला जड़ देंगे।
इधर धान खरीदी केंद्र के प्रबंधकों का कहना कि उन्होंने इस संबंध में किसानों को हो रही समस्याओं के विषय में अपने उच्चाधिकारियों को लिखित जानकारी दे दी है।



